दुर्ग में हवाला का बड़ा खेल बेनकाब: पुलिस ने महाराष्ट्र पासिंग गाड़ी से 6.60 करोड़ रुपये नकद पकड़े, चार गुजरात निवासी हिरासत में

दुर्ग। पुलिस ने चेकिंग के दौरान हवाला कारोबार से जुड़ा बड़ा मामला उजागर किया है। रायपुर से गुजरात जा रही एक महाराष्ट्र पासिंग स्कॉर्पियो गाड़ी से 6 करोड़ 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गाड़ी में सवार चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सुबह चेकिंग अभियान के दौरान दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को रोका। तलाशी में भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। जब गाड़ी में बैठे लोगों से नकदी को लेकर दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। इस पर पुलिस ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर डीएसपी अलेक्जेंडर किरो और कुम्हारी टीआई जनक कुर्रे पहुंच गए।
हवाला से जुड़ा मामला होने की आशंका
पकड़े गए चारों व्यक्ति गुजरात के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये लोग रायपुर से नकदी लेकर गुजरात जा रहे थे और रास्ते में इसे अलग-अलग जगह बांटने की योजना थी। दस्तावेज न होने और रकम की भारी मात्रा को देखते हुए पुलिस को पूरा संदेह है कि यह रकम हवाला कारोबार से जुड़ी हुई है।
आयकर विभाग की टीम भी पहुंची
पुलिस द्वारा नकदी बरामद किए जाने की जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई। सूचना मिलते ही आयकर अधिकारियों की दो टीमें कुम्हारी थाने पहुंची और उन्होंने पूछताछ शुरू कर दी है। आयकर विभाग अब इस रकम के स्रोत और इसके वास्तविक गंतव्य का पता लगाएगा।
फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग दोनों मिलकर पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में बड़े नेटवर्क के उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।



