छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में 79वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे ध्वजारोहण, परेड की सलामी और वीरता पदक प्रदान

रायपुर, 15 अगस्त 2025/छत्तीसगढ़ में 79वें स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजधानी रायपुर से लेकर जिला मुख्यालयों, कस्बों और गांवों तक देशभक्ति का माहौल है। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में प्रातः 9 बजे से होगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर असाधारण साहस और उत्कृष्ट सेवा के लिए राज्य के 25 पुलिस कर्मियों को वीरता पदक, राष्ट्रपति पदक एवं सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित करेंगे। समारोह में पुलिस बैंड, हार्स शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

जिला स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। बस्तर में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, गरियाबंद में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, बालोद में वन मंत्री केदार कश्यप, कोरबा में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, जशपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बलौदाबाजार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद विजय बघेल, कवर्धा में सांसद संतोष पांडेय, बलरामपुर में सांसद चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, कांकेर में सांसद भोजराज नाग और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ध्वजारोहण करेंगे।

इसके अलावा मुंगेली में विधायक पुन्नूलाल मोहले, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक धरमलाल कौशिक, कोरिया में विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक रेणुका सिंह, कोंडागांव में विधायक लता उसेंडी, नारायणपुर में विधायक विक्रम उसेंडी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विधायक राजेश मूणत, दंतेवाड़ा में विधायक किरण देव और सुकमा में विधायक धरमजीत सिंह मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

राज्य भर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों से स्वतंत्रता दिवस का उत्साह चरम पर रहने वाला है, और राजधानी रायपुर में मुख्य समारोह राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button