छत्तीसगढ़
Trending

मोदी सरकार के 11 साल पूरे: छत्तीसगढ़ बीजेपी ने तय की कार्यक्रमों की रूपरेखा, आपातकाल दिवस पर कांग्रेस के खिलाफ चलेगा अभियान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रमों की शृंखला चलाएगी। इस सिलसिले में बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित सभी मंत्री और विधायक शामिल हुए।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि 9 जून से 21 जून तक राज्यभर में केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बड़े पैमाने पर योग आयोजन होंगे, जिसमें विभिन्न विभागों और संगठनों की भागीदारी रहेगी।

23 जून को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस दिन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया जाएगा। वहीं 25 जून को आपातकाल दिवस के तहत कांग्रेस के “काले कारनामों” को जनता तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। बीजेपी का कहना है कि यह दिन लोकतंत्र के दमन की याद दिलाता है।

29 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम मन की बात को हर बूथ तक सुनाने की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान को गति देने पर भी चर्चा हुई और सभी विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। पार्टी का उद्देश्य है कि सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और प्रत्येक कार्यकर्ता अभियान का भागीदार बने।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button