छत्तीसगढ़
Trending

महापौर मीनल चौबे ने किया बारिश पूर्व सफाई कार्यों का निरीक्षण, पुलिया मरम्मत व तालाब सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश

रायपुर, 4 जून – नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने मंगलवार को जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 में बारिश पूर्व तैयारियों के तहत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पार्षद ममता सोनू तिवारी, जोन 5 कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने लोहार चौक भाठागांव के समीप स्थित पुलिया की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के समय जल निकासी में कोई बाधा न आए। उन्होंने चंगोराभाठा स्थित शीतला तालाब की सफाई व सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने को भी कहा।

महापौर ने विनायक कॉलोनी स्थित उद्यान का निरीक्षण कर उसे सुव्यवस्थित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्देशित किया कि सभी नालों और नालियों की गहराई तक सफाई कर, मुहानों को खोलते हुए गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, जिससे बारिश के समय जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने तिरंगा चौक, वालफोर्ट सिटी के पास, रिंग रोड, भाठागांव, ब्रह्मवेद स्कूल एवं शीतला तालाब के आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर नालों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ-सफाई में कोई लापरवाही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा बारिश पूर्व सफाई कार्यों में तेजी लाने और नागरिकों को परेशानी से बचाने की दिशा में यह निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button