मुंबई में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर हुआ भव्य आयोजन : प्रो. संजय द्विवेदी बोले – डिजिटल मीडिया ने भारतीय भाषाओं को बनाया वैश्विक

मुंबई, 31 मई 2025 हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मुंबई हिंदी पत्रकार संघ द्वारा बांद्रा स्थित उत्तर भारतीय संघ के सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि “डिजिटल मीडिया का कोई भूगोल नहीं है, यह हमेशा सक्रिय है और इसकी पहुंच वैश्विक है। इसने भारतीय भाषाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।”

उन्होंने कहा कि केवल 200 वर्षों की यात्रा में हिंदी पत्रकारिता ने जिस तेज़ी से प्रगति की है, उसका श्रेय संचार माध्यमों को जाता है। “मीडिया और मनोरंजन जगत ने हिंदी को जन-जन तक पहुँचाया है, जबकि अब भी देश का प्रभु वर्ग औपनिवेशिक मानसिकता से ग्रस्त है। डिजिटल माध्यमों ने सभी भारतीय भाषाओं को वैश्विक मंच दिया है और वे अब भारत की सांस्कृतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक धरोहर की वाहक बन चुकी हैं,” उन्होंने कहा।
प्रो. द्विवेदी ने ‘उदंत मार्तण्ड’ के माध्यम से पं. युगल किशोर शुक्ल द्वारा शुरू किए गए हिंदी पत्रकारिता के इतिहास को याद करते हुए कहा कि आज यह एक वटवृक्ष बन चुका है, जिसमें देश की आकांक्षाएं, संघर्ष और भावनाएं प्रतिबिंबित होती हैं। उन्होंने कहा कि “हिंदी और अन्य भारतीय भाषाएं न्याय और मानवाधिकारों की भाषा बन चुकी हैं, क्योंकि ये आमजन को केंद्र में रखकर कार्य कर रही हैं।”
भाषा संवाद का माध्यम है, संघर्ष का नहीं: आशीष शेलार
इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि “भाषाएं संघर्ष का नहीं, संवाद का माध्यम हैं। भारत की सभी भाषाओं का सम्मान और महत्व है। मराठीभाषी संपादकों – विष्णुराव पराड़कर, माधवराव सप्रे, रामकृष्ण खाडिलकर और थत्ते जी ने हिंदी पत्रकारिता को समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाई है।”
समाजसेवियों और पत्रकारों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पत्रकार विमल मिश्र (नवभारत टाइम्स से सेवानिवृत्त), साहिल जोशी (प्रबंध संपादक, आजतक), यतेंद्र सिंह यादव, गीतकार समीर, उद्योगपति ज्ञानप्रकाश सिंह और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े प्रो. बृजेश मिश्र को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री प्रताप सरनाइक, पूर्व मंत्री चंद्रकांत त्रिपाठी, विधायक राजहंस सिंह, संजय उपाध्याय, मुरजी पटेल, और सिद्धिविनायक मंदिर के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था के अध्यक्ष आदित्य दुबे और महामंत्री विजय सिंह कौशिक के नेतृत्व में किया गया, जिन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया।



