भैंसा में सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की 3.5 करोड़ से अधिक विकास कार्यों की घोषणा, 110 प्रधानमंत्री आवास की सौंपी चाबियाँ, विधायक अनुज बोले – “संवाद से खुलते हैं समृद्धि के द्वार”

रायपुर, 29 मई 2025 आरंग विधानसभा के ग्राम भैंसा में आज “विकसित कृषि संकल्प अभियान” और “सुशासन तिहार” के तहत आयोजित ‘संवाद से समाधान शिविर’ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 29 मई से 12 जून तक चलने वाले ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत 10 जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शिविर में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 110 पक्के मकानों की चाबियाँ हितग्राहियों को सौंपीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य है कि देश का कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में न रहे। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में अब तक 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। बचे हुए पात्र परिवारों को ‘आवास प्लस प्लस’ योजना से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ग्राम भैंसा और आसपास के क्षेत्रों के लिए लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की भी घोषणा की। इनमें प्रमुख रूप से:
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र – 75 लाख
- हाईस्कूल भवन निर्माण – 75 लाख
- पानी टंकी व पाइपलाइन विस्तार – 55 लाख
- हायर सेकेंडरी स्कूल – 50 लाख
- अहाता व शेड निर्माण – 20 लाख
- ग्राम अमोड़ी में पाइपलाइन – 42 लाख
- तीन अतिरिक्त कक्षों का निर्माण – 24 लाख
साथ ही भैंसा में एक नवीन पुलिस चौकी की स्थापना की भी घोषणा की गई।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि “सुशासन तिहार केवल कार्यक्रम नहीं, यह जनता से संवाद का माध्यम है, जिससे समृद्धि के द्वार खुल रहे हैं।” उन्होंने मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व को सराहा और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



