छत्तीसगढ़
Trending

01 से 07 जून तक ‘चावल उत्सव’ : राशनकार्डधारियों को तीन माह का चावल एकमुश्त मिलेगा

रायपुर, 28 मई 2025 छत्तीसगढ़ सरकार आगामी 1 से 7 जून तक राज्यभर में ‘चावल उत्सव’ का आयोजन करने जा रही है। इस विशेष अभियान के तहत प्रदेश के 81 लाख से अधिक राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त—तीनों माह का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा।

राज्य खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस संबंध में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश की 13,928 उचित मूल्य दुकानों को चावल का आवंटन कर दिया गया है और इन दुकानों में भण्डारण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों, खाद्य अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधकों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि चावल का वितरण प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर समयपूर्व भण्डारण सुनिश्चित कर किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो। प्रत्येक लाभार्थी को ई-पॉस मशीन से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही चावल दिया जाए और पावती रसीद अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए।

खास ध्यान मानसून सीजन को देखते हुए रखा गया है। प्रदेश की 249 ऐसी उचित मूल्य दुकानों की पहचान की गई है जो वर्षा के समय पहुंचविहीन हो जाती हैं। इन दुकानों में जून माह के भीतर ही अग्रिम चावल भण्डारण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वर्षा के दौरान भी राशन वितरण में कोई बाधा न आए।

सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रचार-प्रसार के व्यापक निर्देश दिए गए हैं ताकि ‘चावल उत्सव’ की जानकारी हर लाभार्थी तक पहुंचे और वितरण प्रक्रिया जवाबदेह बनी रहे।

बैठक में नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक किरण कौशल और खाद्य विभाग के संचालक रमेश शर्मा सहित सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल न सिर्फ खाद्य सुरक्षा को मजबूती देगी, बल्कि दूरस्थ अंचलों में भी समय पर राशन पहुंचाकर नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button