छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज:अंधड़-ओलावृष्टि की चेतावनी, गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, रायपुर समेत कई जिलों में अलर्ट जारी

रायपुर, 03 मई 2025 प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न द्रोणिकाओं के चलते छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इस बदलाव से गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने अंधड़ और वज्रपात को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, दक्षिण पंजाब, उत्तर राजस्थान और हरियाणा के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ चक्रीय चक्रवात के रूप में मौजूद है। इसके साथ ही दो द्रोणिकाएं—एक उत्तर-दक्षिण दिशा में पंजाब से केरल तक और दूसरी पूर्व-पश्चिम दिशा में राजस्थान से बांग्लादेश तक फैली हुई हैं, जो लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक प्रभाव डाल रही हैं।

इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 मई तक इसी प्रकार की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। हालांकि, तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं जताई गई है।

बीते 24 घंटे और तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों में कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर का आज का मौसम
आज रायपुर में आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button