धोखाधड़ी के आरोपी की गिरफ्तारी बनी अपहरण की अफवाह: रायपुर के पंडरी में अचानक मची हलचल, मौके पर पहुंची लोकल पुलिस, फिर सामने आया झारसुगुड़ा पुलिस का ऑपरेशन सिंघानिया

रायपुर। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे कारोबारी गोविंद सिंघानिया को झारसुगुड़ा पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पंडरी स्थित श्री शिवम् शोरूम के पास हुई इस गिरफ्तारी के दौरान अफवाह फैल गई कि किसी कारोबारी का अपहरण हो गया है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की जानकारी मिलने पर रायपुर की सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। बाद में झारसुगुड़ा और रायपुर पुलिस के बीच समन्वय स्थापित होने पर स्थिति स्पष्ट हो सकी कि यह अपहरण नहीं बल्कि विधिसम्मत गिरफ्तारी थी।
जानकारी के मुताबिक, झारसुगुड़ा पुलिस की सात सदस्यीय टीम आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची थी। कार्रवाई से पहले रायपुर पुलिस को सूचित नहीं किए जाने के कारण भ्रम की स्थिति बनी और लोगों ने इसे अपहरण समझ लिया।
गिरफ्तारी के बाद गोविंद सिंघानिया को झारसुगुड़ा पुलिस अपने साथ लेकर रवाना हो गई। मामला उजागर होने के बाद अब इस बात पर भी सवाल उठ रहे हैं कि बिना स्थानीय पुलिस को सूचित किए कार्रवाई करना कितना उचित था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है।