क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने पदभार ग्रहण करते ही की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक: मुख्यमंत्री की ऊर्जा योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लागू करने दिए निर्देश

रायपुर, 8 अप्रैल 2025 छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ऊर्जा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) में तेज़ी देखी जा रही है। इसी कड़ी में क्रेडा के नव नियुक्त अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने पदभार ग्रहण करते ही सीईओ राजेश सिंह राणा के साथ राज्य स्तरीय गहन समीक्षा बैठक का आयोजन किया।

क्रेडा मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में सभी ज़ोनल और जिला कार्यालयों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य मुख्यमंत्री साय की दूरदर्शी सोच के अनुरूप राज्य की ऊर्जा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और आगामी सुशासन तिहार के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना था।
बैठक में सबसे पहले अध्यक्ष सवन्नी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद समीक्षा एजेण्डा पर चर्चा करते हुए उन्होंने ज़ोनल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रहे कार्यों और संभावित नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली। कार्यों की प्रगति से संतुष्ट होकर उन्होंने निर्देशित किया कि संयंत्रों की स्थापना गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और पारदर्शी होनी चाहिए।

धीमी प्रगति वाले जिलों को चेतावनी
समीक्षा में सौर सुजला योजना की धीमी प्रगति वाले जिलों — सकती, दुर्ग, महासमुंद और कोरिया — का विशेष उल्लेख हुआ। अध्यक्ष सवन्नी ने इन जिलों में कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की सोच को ज़मीन पर उतारने संकल्पित क्रेडा
अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सोच है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वच्छ, सुलभ और सतत ऊर्जा से जुड़ सके। उन्होंने दोहराया कि चूंकि मुख्यमंत्री ऊर्जा विभाग के पदेन मंत्री भी हैं, अतः विभाग का प्रदर्शन उनके नेतृत्व की छवि को दर्शाता है।
सीईओ राणा ने भी कहा कि योजनाओं की पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनसेवा ही मुख्यमंत्री की प्राथमिकताएँ हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई कर संयंत्रों में आवश्यक सुधार किए जाएं।
सुशासन तिहार में क्रेडा की सक्रिय भागीदारी
अध्यक्ष सवन्नी ने निर्देश दिए कि आगामी सुशासन तिहार में क्रेडा द्वारा सभी विकासखंडों में स्टॉल लगाए जाएं। इससे आम जनता को ऊर्जा योजनाओं की जानकारी और लाभ आसानी से मिल सकेगा।
मई में होगी अगली समीक्षा बैठक
अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को चेताया कि मई माह में अगली समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें इस बैठक के निर्देशों के पालन और कार्यदक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ समयसीमा में दायित्वों के निर्वहन की अपील की।



