राष्ट्रीय

सुबह की बड़ी खबरें: PM मोदी की अपील से व्यापारियों को हुआ फायदा, चीन में Nvidia चिप की तस्करी; नेतन्याहू के साथ सरकार बनाने की तैयारी, रामायण की रिकॉर्ड कमाई… पढ़ें सभी खबरें।

नमस्कार!

आज सुबह की बड़ी खबरों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बाद कारोबारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। वहीं, Nvidia की AI चिप्स की चीन में तस्करी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। दूसरी ओर, रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ ने दुनियाभर में कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया है।

आज के प्रमुख इवेंट्स

  • नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

कल की 6 बड़ी खबरें

1. सोना सस्ता होने पर व्यापारियों ने PM मोदी को लिखा धन्यवाद पत्र, बोले- आपकी सलाह से बड़े नुकसान से बच गए

कारोबारी संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद पत्र भेजा है। संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद कारोबारियों ने महंगे भाव पर सोना खरीदने से परहेज किया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान से बचने में मदद मिली। संगठन के मुताबिक, सोने की कीमत में प्रति किलो करीब 65 लाख रुपए की गिरावट दर्ज की गई है। दरअसल, 10 मई 2026 को PM मोदी ने पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए देशवासियों से 7 अपीलें की थीं। इनमें सोना नहीं खरीदने की अपील भी शामिल थी।

2. मलेशिया के रास्ते चीन पहुंचाई जा रही थीं Nvidia की AI चिप्स, पूर्व CEO जेनसन हुआंग के करीबी नेटवर्क पर रिपोर्ट में बड़ा दावा

Nvidia की प्रतिबंधित AI चिप्स चीन पहुंचाने के लिए मलेशिया को ट्रांजिट रूट के तौर पर इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की करीबी एलिस के कारोबारी दोस्त ली मिंग इस नेटवर्क से जुड़ा था। Nvidia चिप्स लगे कंप्यूटर सर्वर पहले मलेशिया भेजे जाते थे और फिर वहां से चीन पहुंचाए जाते थे। रिपोर्ट में एलिस के पति कांग वेई का भी जिक्र है, जो चीन में बड़े डेटा सेंटर बनाने की परियोजनाओं से जुड़े थे। इस नेटवर्क के जरिए चीन की कंपनियों तक एडवांस AI चिप्स पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने का दावा किया गया है।

3. राहुल गांधी का BJP-RSS पर हमला, बोले- भारतीय संस्कृति की समझ नहीं; असभ्य, लालची और पुरुषवादी हैं

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए उन्हें असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एलिफेंटा की गुफाओं में बनी अर्धनारीश्वर की मूर्ति की तस्वीर साझा करते हुए भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को लेकर अपनी बात रखी। इससे पहले सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए उनके बयान पर भी विवाद हुआ था। इसके बाद राहुल ने शिव-पार्वती की मूर्ति की तस्वीर साझा कर भारतीय परंपराओं का उदाहरण दिया था।

4. नेतन्याहू के साथ सरकार बनाने की तैयारी में आइजनकोट, एक हफ्ते पहले बोले थे- उनकी चाल में नहीं फंसूंगा

इजराइल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट और कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी लिकुड के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत हुई है। हालांकि, दोनों के बीच सहमति नहीं बन सकी। आइजनकोट ने स्पष्ट किया है कि नई सरकार बनने पर प्रधानमंत्री पद के दावेदार वह खुद होंगे। खास बात यह है कि एक सप्ताह पहले ही उन्होंने नेतन्याहू के साथ गठबंधन करने से इनकार करते हुए कहा था कि वह उनकी राजनीतिक चाल में नहीं फंसेंगे।

5. दुनियाभर में ₹1600 करोड़ कमाने वाली 5वीं भारतीय फिल्म बनी ‘रामायण’, विदेशों से जुटाए ₹533 करोड़

रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने दुनियाभर में 1600 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर 5वीं भारतीय फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया है। रिलीज के 17वें दिन फिल्म ने 27.40 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। विदेशों में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 533 करोड़ रुपए पहुंच गई है। वहीं, भारत में इसका नेट कलेक्शन 906.90 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 1083.70 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।

6. पाकिस्तान ने आतंकवाद पर भारत से सबूत मांगे, शशि थरूर बोले- सिर पर बंदूक तानकर बातचीत नहीं हो सकती

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने आतंकवाद के मुद्दे पर भारत के साथ बातचीत की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को अपने-अपने सबूत सामने रखकर इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। इस बयान पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बातचीत तभी संभव है, जब पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकवादी संगठनों का नेटवर्क खत्म करे। उन्होंने कहा कि जब किसी के सिर पर बंदूक तनी हो, तो उससे बातचीत नहीं की जा सकती।

कुछ अहम खबरें

  • बिसलेरी के पानी के सैंपल में मिले खतरनाक केमिकल: ब्रोमेट और हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी का दावा, FSSAI ने केस चलाने की मंजूरी दी।
  • बांग्लादेश में हिंसा के बीच 100 IED बम बरामद: सुरक्षा एजेंसियों का दावा- म्यांमार से तस्करी कर लाए गए थे बम, बड़े हमले की थी तैयारी।

खबर हटके: शादी का खर्च बचाने के लिए कंपनियों से स्पॉन्सरशिप ले रहे कपल

चीन में शादी के बढ़ते खर्च के बीच कपल नया तरीका अपना रहे हैं। वे अपनी शादी के लिए कंपनियों से स्पॉन्सरशिप ले रहे हैं। इसके बदले शादी समारोह में कंपनियों के प्रोडक्ट और ब्रांड के सामान इस्तेमाल किए जाते हैं। इस अनोखे तरीके से कुछ कपल करीब 2.5 लाख रुपए तक की बचत कर रहे हैं।

आज की एक्सक्लूसिव स्टोरीज

  • आज का एक्सप्लेनर: नेपाल के आसमान में भारत का कौन-सा पहरा, जिससे 17 साल से अटकी फ्लाइट्स की एंट्री? क्या मोदी-बालेन मुलाकात से निकलेगा रास्ता?
  • लाइट, कैमरा, कंट्रोवर्सी: शाहरुख-सलमान के बीच धक्का-मुक्की के बाद गले लगकर रोने की कहानी, कटरीना के बर्थडे में हुई थी हाथापाई।
  • कार्तिक आर्यन@36: संघर्ष के दिनों में 12 लोगों के साथ रहते थे एक कमरे में, पहली फीस मिली थी 70 हजार रुपए।
  • जरूरत की खबर: पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या से बचने के लिए एक्सपर्ट ने बताए खानपान के टिप्स।
  • साइबर लिटरेसी: PM आवास योजना के नाम पर WhatsApp पर आ रहे फर्जी मैसेज से रहें सावधान, ऐसे हो सकती है ठगी।

आज का राशिफल

मिथुन राशि की नौकरीपेशा महिलाओं को उपलब्धियां मिल सकती हैं, जबकि तुला राशि के जातकों को रुका हुआ पैसा मिलने के योग हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button