न्यू राजेंद्र नगर चौपाटी में आग से मची तबाही: खाने-पीने की 6 दुकानें राख, सिलेंडर फटने से भारी नुकसान

रायपुर, 15 नवंबर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित चौपाटी में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से 5 से 6 दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस दौरान एक दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने से भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि, शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां लगाई गईं।
जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। चौपाटी में खाने-पीने की अलग-अलग दुकानें संचालित होती हैं, जिनमें से करीब 5 से 6 दुकानें आग की चपेट में आई हैं। आग के कारण दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



