पीएम मोदी बोले- किसानों पर नहीं पड़ने दिया महंगे डीजल का बोझ: ₹50 की जगह सिर्फ ₹7 बढ़ाए दाम, सरकार हर महीने दे रही ₹14 हजार करोड़

नई दिल्ली, 13 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आने के बावजूद केंद्र सरकार ने किसानों पर डीजल की महंगाई का पूरा बोझ नहीं पड़ने दिया। उन्होंने बताया कि डीजल की कीमतों में करीब 50 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करनी पड़ सकती थी, लेकिन सरकार ने केवल 7 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की। बाकी 43 रुपए का भार सरकार खुद उठा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को दिल्ली में आयोजित किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों के हित, कृषि अर्थव्यवस्था, ग्रामीण विकास और खेती की लागत को लेकर सरकार की नीतियों की जानकारी दी।
पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। इससे डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का दबाव बना, लेकिन सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए इसका बड़ा हिस्सा खुद वहन किया। उन्होंने बताया कि इस फैसले के कारण सरकार को हर महीने करीब 14 हजार करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
खाद पर 12 साल में खर्च किए 16 लाख करोड़
प्रधानमंत्री ने उर्वरकों की उपलब्धता और किसानों को सस्ती खाद देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने किसानों को किफायती दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए 16 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं।
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
पीएम मोदी ने विश्व बैंक के एक शोध का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी कम होने की रफ्तार और तेज रही है।
उन्होंने कहा कि कृषि केवल अर्थव्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और सामाजिक जीवन का आधार है। खेती को आधुनिक तकनीक और नई व्यवस्थाओं से जोड़ना जरूरी है। इसके बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं होगा।



