BREAKING: महादेव ऐप केस में बड़ा एक्शन: दुबई में रवि उप्पल गिरफ्तार, सौरभ चंद्राकर के बाद दूसरे मास्टरमाइंड पर शिकंजा

रायपुर, 4 नवंबर 2026। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिलने की खबर है। करोड़ों रुपये के कथित सट्टा सिंडिकेट के प्रमुख आरोपी और ऐप के सह-संचालक रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार की ओर से अब तक भारत को गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। इधर, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) उसे भारत लाने की तैयारी में जुट गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जांच एजेंसियों को अनौपचारिक माध्यमों से रवि उप्पल की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। हालांकि, UAE की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में उसके प्रत्यर्पण को लेकर आगे की प्रक्रिया आधिकारिक सूचना मिलने के बाद तेज हो सकती है।
पहले भी दुबई में हिरासत में लिया गया था रवि उप्पल
भिलाई निवासी रवि उप्पल पर दुबई से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन करने का आरोप है। उसके खिलाफ अक्टूबर 2023 में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई में उसे हिरासत में लिया गया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद रिहा कर दिया गया। जनवरी 2024 में ED ने उसके प्रत्यर्पण के लिए अनुरोध किया था।
यह घटनाक्रम महादेव सट्टा ऐप के एक अन्य प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण के करीब पांच दिन बाद सामने आया है। जांच एजेंसियां अब रवि उप्पल को भी भारत लाने की कोशिश में जुटी हैं।
सौरभ चंद्राकर 8 दिन की CBI रिमांड पर
इधर, महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने CBI की मांग पर उसे 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर सौंप दिया है। साथ ही जांच एजेंसी को सौरभ को दिल्ली स्थित मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है।
CBI अब दिल्ली में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ करेगी। इस दौरान महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जानकारी जुटाई जा सकती है।
रवि उप्पल की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि और सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।



