छत्तीसगढ़

बारिश में भी BJP की पदयात्रा में उमड़ी भीड़: मांडविया ने इंदिरा गांधी पर साधा निशाना, केदार कश्यप ने कांग्रेस को घेरा

जगदलपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। इससे पहले दंतेश्वरी मंदिर के सामने जनसभा आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, वन मंत्री केदार कश्यप और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इलाहाबाद में वोट चोरी कर चुनाव जीता था। मांडविया ने कहा कि इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनका चुनाव रद्द कर दिया था। उन्होंने इसे देश में वोट चोरी का पहला मामला बताया।

मांडविया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सत्ता हासिल करने के लिए देश में अशांति और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को नकार दिया है। भाजपा के इस अभियान में समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हो रहे हैं।

केदार कश्यप ने हल्बी में कांग्रेस पर साधा निशाना

वन मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्रीय बोली हल्बी में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री और नेता कौन होगा, यह पाकिस्तान या बांग्लादेश तय नहीं करेगा, बल्कि देश की जनता इसका फैसला करेगी।

कश्यप ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की तुलना लोमड़ी (कोलिया) से की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाघ बताया। उन्होंने कहा कि कोलिया लोग चिल्ला रहे हैं कि उनकी सरकार बनेगी, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला। देश में बाघ ही दहाड़ेगा। उनके इस बयान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के दावे के तौर पर देखा जा रहा है।

उन्होंने घुसपैठियों का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि घुसपैठिए देश में आकर बस रहे हैं और अपने घर बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भी ऐसी स्थिति रही है।

बारिश के बीच भी पदयात्रा में उमड़े कार्यकर्ता

जगदलपुर में बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पदयात्रा के दौरान कई कार्यकर्ता होर्डिंग्स को सिर पर रखकर बारिश से बचते नजर आए। कार्यकर्ता ‘स्पीक फॉर इंडिया, स्टैंड फॉर इंडिया’ लिखी तख्तियां लेकर भी पहुंचे।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल और कुछ स्वार्थी तत्व देश को अस्थिर करने तथा अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की मानसिकता उजागर करने के लिए पार्टी यह अभियान चला रही है।

5 नवंबर तक चलेगा भाजपा का अभियान

भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है, जो 5 नवंबर तक जारी रहेगा। इसके तहत पदयात्रा, जनसभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

भाजपा के मुताबिक, अभियान के माध्यम से SIR (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया जाएगा। साथ ही लोगों को मतदाता सूची की शुद्धता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button