बिलासपुर में छज्जा तोड़ते समय मजदूरों के साथ हादसा: एक की मौत, दूसरा गंभीर; परिजनों ने ठेकेदार पर उठाए सवाल

बिलासपुर, 29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुराने मकान का छज्जा तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में काम करते समय ऊंचाई से गिरकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में नरेंद्र साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे मजदूर पंकज यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है।
छज्जा तोड़ते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कपिल नगर में पुराने मकान का छज्जा तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान दो मजदूर अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान नरेंद्र साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं, पंकज यादव की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद मृतक और घायल मजदूर के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां नहीं बरती गईं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद सरकंडा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छज्जा तोड़ने के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे या नहीं। हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



