Chhattisgarh

पीएम मित्र मेगा टेक्‍सटाइल पार्क बनाने की पहल, 20 लाख नौकरियां सृजित होने की उम्‍मीद

भारत को टेक्‍सटाइल मैन्‍युफैक्‍चरिंग व निर्यात में वैश्विक हब बनाने के उद्देश्‍य से आने वाले दिनों में 7 राज्‍यों में अत्‍याधुनिक सुविधाओं से युक्‍त पीएम मित्र मेगा टेक्‍सटाइल पार्क बनाने की ताजा पहल से करीब 20 लाख नौकरियां सृजित होने की उम्‍मीद की जा रही है। आइए जानें, इस क्षेत्र में रुचि रखने वाले स्वयं को किस तरह कुशल बनाकर अपना करियर बना सकते हैं…

बीते कुछ सालों से ब्रांडेड कपड़ों के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण के कारण देश की टेक्‍सटाइल इंडस्‍ट्री तेजी से आगे बढ़ रही है। आज फैशन से लेकर आटोमोबाइल, मेडिकल और स्‍पेस तक हर जगह इसके उत्‍पादों का उपयोग हो रहा है। हाल में उत्‍तर प्रदेश और मध्‍य प्रदेश समेत 7 राज्‍यों में बनने वाले पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्‍सटाइल रीजन ऐंड अपैरल (मित्र) पार्क की केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद माना जा रहा है कि इस इंडस्‍ट्री की क्षमता में और विस्तार होगा। सरकार की इस पहल से इन टेक्‍सटाइल पार्कों में करीब 70 हजार करोड़ रुपए का निवेश आने का अनुमान है।

वहीं, एक हजार एकड़ में बनने वाले इस पार्क की खासियत यह है कि यहां टेक्‍सटाइल सेक्‍टर की पूरी वैल्‍यू चेन को ध्‍यान में रखकर इंटीग्रेटेड यूनिट लगेंगे, जहां प्‍लग ऐंड प्‍ले सुविधा के साथ प्रशिक्षण और शोध की सुविधाएं भी होंगी।

जानकारों की मानें, तो आने वाले दिनों में इससे टेक्‍सटाइल इंडस्‍ट्री में प्रत्‍यक्ष-अप्रत्‍यक्ष रूप से करीब 20 लाख नौकरियां सृजित होंगी। वैसे भी, देश में कृषि के बाद कपड़ा उद्योग ही वह सेक्‍टर है, जहां सबसे अधिक संख्‍या में लोगों को रोजगार मिला हुआ है। देश का यह सेक्‍टर कपड़ा और परिधान के मामले में दुनिया के सबसे बड़े उत्पादकों में से एक है। माना जा रहा है कि 2025 तक टेक्‍सटाइल इंडस्‍ट्री की विकास दर 12 प्रतिशत तक रह सकती है।

नेचुरल फाइबर, सिंथेटिक फाइबर, पालिमर, नायलान, यार्न या फिर फैब्रिक से बनी सभी चीजें टेक्‍सटाइल की श्रेणी में आती हैं। जगह-जगह खुलते शोरूम, शापिंग माल या फिर और ई-शापिंग कंपनियों की बंपर आनलाइन बिक्री इस बात का प्रमाण है कि लोग आज फैशन, कपड़े और उसकी क्‍वालिटी को कितना महत्‍व दे रहे हैं। इसीलिए हमेशा से यह सेक्‍टर करियर के लिहाज से भी संभावनाओं भरा रहा है।

जाब्‍स के मौके 

टेक्‍सटाइल के क्षेत्र में अपनी कुशलता के आधार पर आप विभिन्‍न रूपों में करियर बना सकते हैं। यदि आपकी डिजाइनिंग में रुचि है, तो इससे संबंधित कोर्स करके डिजाइनर, स्‍टाइलिस्‍ट, टेक्‍नोलाजिस्‍ट, कलरिस्‍ट या फिर सेल्‍स और मार्केटिंग जैसे किसी भी क्षेत्र में अपने लिए जाब तलाश सकते हैं। सरकार के अधीन विभिन्‍न संस्‍थाओं, जैसे कि सिल्‍क, हैंडलूम, खादी, जूट और क्राफ्ट से जुड़े प्रतिष्‍ठानों/संगठनों में भी कई तरह की नौकरियों के मौके हैं। टेक्‍सटाइल कंपनियों के अलावा होजरी व होम फर्निशिंग एक्‍सपोर्ट फर्म्‍स में भी इसके प्रोफेशनल्‍स को नौकरियों में प्राथमिकता मिलती हैदी जाती है। वैसे देखा जाए, तो सबसे अधिक मौके टेक्‍सटाइल डिजाइनर के लिए हैं। एक डिजाइनर के रूप में किसी एक्‍सपोर्ट हाउस या रिटेल हाउस में मार्केटिंग और मर्चेंडाइजिंग की जाब पाने के अलावा अपना खुद का फैशन हाउस/आउटलेट भी खोल सकते हैं।

अमेजन या मिन्त्रा जैसी ई-कामर्स कंपनियों में भी ऐसे क्रिएटिव लोगों के लिए नौकरी के अच्छे मौके हैं। टेक्‍सटाइल में उच्‍च शिक्षा हासिल करने वाले युवा निफ्ट जैसे फैशन डिजाइनिंग से जुड़े कालेज/संस्‍थानों में अध्‍यापन भी कर सकते हैं। आनलाइन बिजनेस के इस दौर में इंडस्‍ट्री का अनुभव हासिल करके इस क्षेत्र में अपना स्‍टार्टअप/बूटीक या फैशन स्टोर भी शुरू कर सकते हैं।

व्‍यक्तिगत कौशल 

टेक्‍सटाइल परिधान/फैशन से जुड़ा क्षेत्र है, इसलिए इस फील्‍ड में आने के लिए आपमें क्रिएटिविटी का होना बहुत जरूरी है। जितना ज्यादा आप इनोवेटिव और क्रिएटिव सेंस वाले होंगे, उतनी जल्‍दी इस इंडस्‍ट्री में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, टेक्‍सटाइल मैटीरियल, फैब्रिक और टेक्‍सचर की भी समझ होनी चाहिए। नई-नई तकनीक और मार्केट ट्रेंड की जानकारी के लिए नियमित रूप से अपडेट रहना होगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button