
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार शाम एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। चांपा थाना क्षेत्र के घोघरा नाला किनारे 6 दोस्तों ने मिलकर युवक रोहित महंत की डंडे से पिटाई की और गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
15 नवंबर की रात करीब 8 बजे सागर और उसके दोस्त घोघरा नाला के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान रोहित महंत वहां पहुंचा और सागर कर्ष को गालियां देने लगा। इससे गुस्साए सागर ने उसे 3-4 थप्पड़ मारे। इसके बाद सागर वहां से चला गया।
गुस्से में रचा गया मर्डर प्लान
थोड़ी देर बाद सागर अपने साथियों नागेश्वर नायडू, अश्वनी कुमार सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू के साथ बैठा था। रात करीब 9:30 बजे रोहित फिर वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे सभी भड़क गए और रोहित को मारने की साजिश रच ली।
डंडे से हमला, फिर गला घोंटा
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ते ही पांच दोस्तों ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए। सागर कर्ष ने डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार किया। गंभीर चोट लगने से रोहित बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े सभी आरोपी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। FIR दर्ज कर पुलिस ने सभी आरोपियों की तलाश शुरू की। छापेमारी के दौरान छहों आरोपी हिरासत में लिए गए। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।
जांजगीर-चांपा SP विजय कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे जांच जारी है।



