छत्तीसगढ़
Trending

सरगुजा में सजेगा कुश्ती का अखाड़ा : 144 रेसलर्स दिखाएंगे ताकत, 28 से 31 मार्च तक मुकाबले

अंबिकापुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत सरगुजा जिले में 28 मार्च से कुश्ती स्पर्धा का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। अंबिकापुर का गांधी स्टेडियम इस ऐतिहासिक आयोजन का केंद्र बनेगा, जहां देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के कुल 144 पहलवान हिस्सा लेंगे, जो 30 राज्यों का प्रतिनिधित्व करेंगे। जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र सहित मेजबान छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी इसमें शामिल होंगे।

चार दिन तक चलेगा रोमांच, तीन चरणों में मुकाबले
28 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में रोजाना तीन चरणों में मुकाबले होंगे। पहला चरण सुबह 8 से 9 बजे, दूसरा चरण सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और तीसरा चरण शाम 4 बजे से मुकाबले समाप्ति तक आयोजित किया जाएगा।

जनजातीय प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
इस आयोजन का उद्देश्य सुदूर वनांचलों में छिपी जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। अंबिकापुर में होने वाले ये मुकाबले स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे और उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देंगे।

डीडी स्पोर्ट्स पर लाइव प्रसारण
खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है कि इस पूरे आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती पर किया जाएगा, जिससे देश-दुनिया के दर्शक इस रोमांचक प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे।

तैयारियां पूरी, खिलाड़ियों के स्वागत को तैयार सरगुजा
आयोजन को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सरगुजा अब अपनी पारंपरिक मेहमाननवाजी के साथ देशभर से आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button