
रायपुर। महिला कबड्डी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली कोरबा जिले की संजू देवी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान सीएम साय ने संजू देवी को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश की है। सीएम ने कहा— “आपकी उपलब्धि प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। आपने पूरे देश का मान बढ़ाया है।”
संजू देवी ने मुख्यमंत्री को अपनी जीवन यात्रा, संघर्षों और खेल से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
कोरबा के ग्राम केराकछार की रहने वाली संजू देवी महिला कबड्डी विश्व कप में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुनी गईं। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 17 से 24 नवंबर तक बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित हुआ था।
इस मुलाकात के दौरान युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह, वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



