दुर्ग में नौकरी लगाने के नाम पर महिला की हत्या, 6 गिरफ्तार – मास्टरमाइंड फरार

दुर्ग। सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी और दबाव के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका गंगोत्री जांगड़े (40) की लाश पुलगांव क्षेत्र में पत्थर से कुचले हुए हालात में मिली थी। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मास्टरमाइंड अब भी फरार है।
ऐसे हुआ विवाद की शुरुआत
गंगोत्री पिछले 7-8 महीनों से नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले दो युवकों के संपर्क में थी। उन्होंने उससे लाखों रुपए लिए थे। जब नौकरी नहीं लगी तो गंगोत्री ने पैसे लौटाने या 20 सितंबर तक साक्षात्कार कराने का दबाव बनाया और चेतावनी दी कि अन्यथा पुलिस में शिकायत करेगी। इसी डर से आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
वीडियो कॉल पर बनी हत्या की प्लानिंग
मुख्य आरोपी ने निर्भय जांगड़े (19) को 1 लाख रुपए की सुपारी दी। रकम बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। इस साजिश में हेमलता बंजारे (38) भी शामिल रही। तीनों ने वॉट्सएप वीडियो कॉल पर हत्या की प्लानिंग की थी।
हत्या का तरीका
19 सितंबर की रात गंगोत्री को ढाबे में खाने के बहाने बुलाया गया। निर्भय और उसके साथी उसे बाइक से टेमरी ले गए। वहां बेल्ट और चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया। वारदात के बाद आरोपी पास के ढाबे में खाना खाकर लौट आए।
ऐसे हुआ खुलासा
20 सितंबर को नगपुरा चौकी पुलिस को टेमरी गांव में महिला का शव मिला। जांच में सामने आया कि मृतका गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़े, ग्राम दादर पोटिया चौक दुर्ग निवासी थी। परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ में पूरे मामले की परतें खुलीं।
गिरफ्तार आरोपी
- निर्भय जांगड़े (19), जालबांधा खैरागढ़
- जयदीप साहू (19), कातुलबोर्ड दुर्ग
- मनीष बंजारे (19), आशा नगर दुर्ग
- पवन कुमार सिंह (18), कातुलबोर्ड भिलाई
- हेमलता बंजारे (38), कातुलबोर्ड भिलाई
- एक नाबालिग आरोपी
सरकारी नौकरी का झांसा देकर चल रही थी ठगी
जांच में पता चला कि आरोपी गिरोह नगर निगम, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए ठग रहा था। गंगोत्री भी इसी नेटवर्क से जुड़ी थी। पुलिस का मानना है कि ठगी का भांडा फूटने के डर से ही उसकी हत्या की गई।
मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी है और उसकी तलाश जारी है।



