नक्सलवाद के उन्मूलन के साथ बस्तर में विकास की रफ्तार तेज, मूलभूत सुविधाएं तेजी से पहुंच रहीं – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर | 13 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि बस्तर का सर्वांगीण विकास छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नक्सलवाद के उन्मूलन के साथ-साथ बस्तर अंचल में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र अब विकास की दिशा में सशक्त गति से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री जगदलपुर में आयोजित बस्तर ओलंपिक-2025 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक समृद्ध राज्य है, लेकिन माओवाद लंबे समय से विकास में बड़ी बाधा बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के कारण अब माओवाद के अंत की स्पष्ट समय-सीमा तय हो चुकी है। उन्होंने बताया कि नियद नेल्ला नार योजना के दायरे को 5 किलोमीटर से बढ़ाकर 10 किलोमीटर किया गया है, जिसके तहत 403 गांवों में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माओवाद के कारण बंद पड़े स्कूल अब दोबारा खुल रहे हैं। सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित कर दुर्गम और अंदरूनी इलाकों को आवागमन से जोड़ा जा रहा है। माओवाद से मुक्त गांवों में जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन किया जा रहा है। इन प्रयासों का सकारात्मक असर दिखने लगा है और विकास को लेकर आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बस्तर देश में एक नया इतिहास रच रहा है और 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त होने के बाद बस्तर फिर से खुशहाल बनेगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों को बधाई दी। जगदलपुर विधायक किरण देव ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि सांसद महेश कश्यप ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, विधायक विक्रम उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, विनायक गोयल, आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



