छत्तीसगढ़

संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है विकास और आस्था के मार्ग पर : CM साय ने बड़े जुंगेरा स्थित माँ कौशल्या धाम में दी श्रद्धांजलि

रायपुर, 7 अक्टूबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से छत्तीसगढ़ विकास और आस्था के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पुण्यभूमि माता कौशल्या की जन्मस्थली और प्रभु श्रीराम का ननिहाल होने के कारण आध्यात्मिक रूप से अत्यंत समृद्ध है।

मुख्यमंत्री साय आज बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बड़े जुंगेरा स्थित माँ कौशल्या धाम, जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने अपने चौदह वर्षों के वनवास काल का अधिकांश समय इसी पावन धरती पर व्यतीत किया, जिससे यह भूमि भक्ति, त्याग और मर्यादा की दिव्यता से आलोकित हुई है।

मुख्यमंत्री ने संत रामकृष्णदास महात्यागी और संत रामजानकीदास महात्यागी के समाधि स्थल पर पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन संत महापुरुषों के त्याग, तप और सेवा से छत्तीसगढ़ की यह भूमि आज भी आलोकित है। बाबाजी तेजस्वी साधक थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन लोककल्याण और मानवता की सेवा को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे संतों की प्रेरणा ही समाज की आत्मा और राज्य के सांस्कृतिक गौरव की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भगवान श्रीराम के ननिहाल में आकार ले रहा माँ कौशल्या धाम छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और गौरव का जीवंत प्रतीक बनेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत बालक दास महात्यागी से भेंट कर धाम के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button