Wife’s Sinister Plot with Lover : पति को रास्ते से हटाया, प्रेमी संग घर बसाने के लिए की खौफनाक साजिश : गरियाबंद में तकिए से दबाकर कर दी हत्या

गरियाबंद (छत्तीसगढ़) — छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पति-पत्नी के रिश्ते में चल रहे विवाद ने इतनी खौफनाक शक्ल ले ली कि पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
मामला पाण्डुका थाना क्षेत्र के कोपरा नगर पंचायत का है, जहां 25 जुलाई की रात प्रतिमा साहू (30 वर्ष) ने अपने प्रेमी दौलत पटेल के साथ मिलकर पति चुम्मन साहू (35 वर्ष) की गला घोंट कर हत्या कर दी। हत्या से पहले प्रेमी ने चुम्मन को शराब पिलाई, और जब वह बेसुध हो गया तो दोनों ने तकिए से उसका दम घोट दिया। वारदात के बाद पत्नी ने पूरी रात मृत पति के शव के पास सोकर रोने का नाटक किया।
डेढ़ साल से चल रहा था अवैध संबंध, कई बार रंगे हाथ पकड़ी गई थी पत्नी
चुम्मन और प्रतिमा की शादी को 4 साल हो चुके थे। दोनों के दो छोटे बच्चे भी हैं। चुम्मन किसान परिवार से था, लेकिन बेरोजगार था। इसी दौरान गांव के मैकेनिक दौलत पटेल से प्रतिमा के अवैध संबंध बन गए थे। पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच अफेयर चल रहा था। कई बार पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था, जिसके बाद घर में विवाद होता रहता था।
हत्या के लिए मोबाइल पर रची गई थी साजिश, प्रेमी ने पिलाई शराब, पत्नी ने दबाया मुंह
घटना वाली रात प्रतिमा और दौलत ने मोबाइल पर पूरी मर्डर प्लानिंग की थी। दौलत ने चुम्मन को शराब पिलाई और बेसुध होने पर घर छोड़ने आया। फिर दोनों ने मिलकर तकिए से उसका दम घोंट दिया। हत्या के बाद प्रतिमा ने अगले दिन सुबह तक रोने का नाटक किया और मौत का कारण शराब का अत्यधिक सेवन बताया।
ससुर को हुआ शक, पुलिस ने खोला हत्या का राज
परिवार वालों ने शुरुआत में इसे सामान्य मौत मान लिया और अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन दशगात्र से पहले ही ससुर बिसेलाल साहू को बहू की बातों पर शक हुआ। उन्होंने पाण्डुका थाना जाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब प्रतिमा और दौलत से अलग-अलग पूछताछ की तो सच सामने आ गया। दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
पति की मौजूदगी में ही बनाए थे संबंध, SDOP नेहा सिन्हा का बड़ा खुलासा
पूछताछ में प्रतिमा ने बताया कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर उसने दौलत से संबंध बनाए। प्रतिमा ने यह भी कबूल किया कि कई बार पति की मौजूदगी में ही दौलत के साथ उसके शारीरिक संबंध बने थे।
SDOP नेहा सिन्हा ने बताया कि शव का तत्काल पोस्टमार्टम नहीं हुआ था, इसलिए पुलिस ने परिस्थिति जन्य साक्ष्य जुटाकर हत्या का खुलासा किया। घटना वाली रात प्रतिमा और दौलत के बीच मोबाइल पर कई बार बातचीत भी हुई थी, जिसे पुलिस ने सबूत के तौर पर जुटाया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।