छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ बंद का व्यापक असर, रायपुर में मैग्नेटो मॉल और ब्लिंकिट गोदाम में तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट

रायपुर, 24 दिसंबर 2025/ कांकेर जिले के आमाबेड़ा में हुई हिंसा और कथित धर्मांतरण के विरोध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज द्वारा आहूत छत्तीसगढ़ बंद का असर बुधवार को पूरे प्रदेश में देखने को मिला। राजधानी रायपुर, दुर्ग और जगदलपुर समेत कई शहरों में सुबह से ही दुकानें, बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

बंद के दौरान राजधानी रायपुर में स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल और कटोरा तालाब स्थित ब्लिंकिट गोदाम में जमकर उत्पात मचाया। प्रदर्शनकारियों ने मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस को लेकर की गई सजावट को तोड़ दिया और मॉल के अंदर भी तोड़फोड़ की गई।

वहीं, ब्लिंकिट सेवा चालू रखने के विरोध में गोदाम में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के साथ ट्रांसपोर्ट चैंबर ने भी बंद को समर्थन दिया है। राजधानी में कई व्यापारी सुबह से प्रमुख सड़कों पर उतरकर दुकानों को बंद कराते नजर आए। इस दौरान उनके साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

बंद के कारण प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दुकानें, सब्जी मंडियां, ट्रांसपोर्ट सेवाएं और व्यापारिक गतिविधियां ठप रहीं। रायपुर के साथ-साथ दुर्ग, भिलाई, जगदलपुर समेत कई जिलों में बंद का व्यापक असर देखने को मिला।

प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button