छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

न्याय की आस टूटी तो टावर पर चढ़ा किसान: फैक्ट्री प्रबंधन पर जमीन कब्जाने का आरोप, गांव में मचा हड़कंप

धरसींवा, रायपुर। औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा के ग्राम सोंडरा में एक किसान अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रशासन और गांव के लोग किसान को समझाने में जुटे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोंडरा निवासी किसान किशन निषाद की फॉर्च्यून फैक्ट्री के पास कृषि भूमि है। इसी जमीन पर खेती कर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। किसान का आरोप है कि कुछ साल पहले फैक्ट्री प्रबंधन ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया।

गांव के सरपंच संतोष साहू के मुताबिक पीड़ित किसान ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग के पास कई बार गुहार लगाई, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कराए जाने पर जमीन किसान की ही पाई गई, इसके बावजूद उसे जमीन का कब्जा नहीं दिलाया गया।

लगातार न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर किसान ने आत्मघाती कदम उठाते हुए सोमवार सुबह हाइटेंशन टावर पर चढ़कर विरोध शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसान को नीचे उतरने के लिए समझाइश दे रहे हैं।

फिलहाल प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया है और किसान को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के चलते इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button