नक्सलियों को चेतावनी: गृहमंत्री बोले- युद्धविराम नहीं होगा, आत्मसमर्पण करो वरना कार्रवाई तय

रायपुर, 29 सितंबर 2025 केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बाद अब छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी नक्सलियों के युद्धविराम प्रस्ताव को लेकर बड़ा बयान दिया है। गृहमंत्री शर्मा ने साफ किया है कि सरकार की ओर से किसी तरह का सीजफायर नहीं होगा। जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, उनके लिए दरवाजे हमेशा खुले हैं।
गृहमंत्री शर्मा ने कहा— “यह पूर्व निर्धारित योजना है। युद्ध विराम की कोई बात नहीं है। नक्सलियों के पत्र में जो भाव आया है कि बस्तर में खून-खराबा बंद होना चाहिए, तो उनके पास ज्यादा समय नहीं है। आगे बढ़ें, सरकार उनका लाल कार्पेट बिछाकर स्वागत करेगी।”
शहरी नेटवर्क पर कसा शिकंजा
विजय शर्मा ने रायपुर और कोरबा समेत अन्य शहरों में नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) लगातार सख्ती से काम कर रही है। हाल में गिरफ्तार नक्सली पिछले दो सालों से नए बेस बनाने और सक्रियता बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।
जनता से अपील
गृहमंत्री ने जनता से अपील की कि वे सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि अगर कोई किराएदार है, तो उसकी जानकारी पुलिस को अवश्य दें। इसके लिए पुलिस का ऐप बनाया गया है, जिसमें किराएदारों को आसानी से रजिस्टर किया जा सकता है।
नक्सल फंडिंग में 80% की कमी
गृहमंत्री शर्मा ने दावा किया कि नक्सलियों की फंडिंग में भारी गिरावट आई है। उन्होंने कहा— “नक्सलियों के पास पहुंचने वाला पैसा करीब 80 प्रतिशत कम हो गया है, हालांकि अभी भी उनके पास कुछ राशि है।”
अमित शाह का बस्तर दौरा
गृहमंत्री शर्मा ने यह भी जानकारी दी कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होंगे और मुरिया दरबार व स्वदेशी मेले में भी शिरकत करेंगे।



