छत्तीसगढ़

खनिज संपदा के दम पर विकास का लक्ष्य, 30 खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए : विष्णुदेव साय

रायपुर, 20 फरवरी 2026।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ के विकास में मैदानी अमले की भूमिका बेहद अहम है और नई नियुक्तियों से विभागीय कार्यों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर प्रदेश के भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि खनि निरीक्षक ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्व निभाते हुए खनिज प्रशासन को मजबूत बनाएंगे और खनन गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम जैसे खनिजों से परिपूर्ण है। खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार खनिज राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पारदर्शिता के साथ कार्य कर संसाधनों के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 नव चयनित निरीक्षकों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद और संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button