
रायपुर, 19 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर को हिंसा से मुक्त कर शांति, विकास और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ाना छत्तीसगढ़ सरकार का दृढ़ संकल्प है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि सुकमा जिले के गोंदीगुड़ा क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा की गई सटीक, साहसिक और सफल कार्रवाई से माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बस्तर में हिंसा के दिन अब समाप्ति की ओर हैं और क्षेत्र तेज़ी से विकास व मुख्यधारा की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ नेतृत्व, स्पष्ट नीति, सुरक्षाबलों की सतत और प्रभावी कार्रवाई, राज्य सरकार की संवेदनशील पुनर्वास नीति तथा स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में निर्णायक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। माओवाद की संरचना लगातार कमजोर हो रही है और उनकी हिंसक साजिशें अब प्रभावहीन साबित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो टूक कहा कि सरकार का संदेश बिल्कुल साफ है—जो लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं, उनके लिए पुनर्वास, आजीविका, सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार ऐसे सभी लोगों के साथ मानवीय दृष्टिकोण से खड़ी है।
वहीं, जो लोग अब भी हथियार और भय के रास्ते पर चलेंगे, उनके प्रति सरकार किसी प्रकार की सहानुभूति नहीं रखेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि शांति, विकास और जनभागीदारी के संयुक्त प्रयासों से बस्तर आने वाले समय में एक सुरक्षित, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की ओर तेजी से अग्रसर होगा।



