छत्तीसगढ़
Trending

जेल परिसर में आरोपी का मोबाइल पर बातचीत का वीडियो वायरल : सुरक्षा में लापरवाही उजागर होने पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित, सरगुजा पुलिस में हड़कंप

सरगुजा, 28 अक्टूबर 2025 । अंबिकापुर केंद्रीय जेल परिसर में जिला बदर आरोपी जय आदित्य तिवारी उर्फ अंश पंडित को मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश अग्रवाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा ड्यूटी में तैनात तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 781/2025 के तहत दर्ज मामले में आरोपी अंश पंडित को 23 अक्टूबर 2025 को जीवन ज्योति अस्पताल से इलाज के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने प्रक्रिया जारी थी। इसी दौरान उसकी सुरक्षा हेतु आरक्षक 773 परवेज फिरदौसी, आरक्षक 378 डॉ. सिम सिद्दार और आरक्षक 480 सुशील खेस की ड्यूटी लगाई गई थी।

इसी बीच आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह जेल परिसर के बाहर मोबाइल फोन से आराम से बातचीत करता दिख रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि ड्यूटी पर मौजूद जवानों ने आरोपी को फोन इस्तेमाल करने से न केवल नहीं रोका, बल्कि फोन जब्त करने की कार्रवाई भी नहीं की।

पुलिस विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर रक्षित केंद्र अंबिकापुर में सम्बद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार गुजारा भत्ता प्रदान किया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है और सवाल खड़े कर दिए हैं कि जेल तक पहुँचकर फोन आखिर आरोपी के हाथ में कैसे पहुँचा। मामला अब भी पुलिस जांच के दायरे में है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button