छत्तीसगढ़
Trending

Valentine Week Suicide Case : शादी में देरी से आहत प्रेमी-जोड़े ने दी जान, पहले युवती फिर युवक ने लगाई फांसी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वैलेंटाइन वीक के दौरान एक प्रेमी-जोड़े ने आत्मघाती कदम उठाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शादी में देरी से आहत होकर पहले युवती ने घर में फांसी लगाई, जिसके बाद युवक ने उसे नीचे उतारा और फिर खुद भी पास के एक पेड़ पर फंदे से झूल गया। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव की है।

जानकारी के अनुसार, अनीता सिंह (20) निवासी हमाली गांव और कृष्णा सिंह (18) निवासी अमलिहा गांव की मुलाकात करीब डेढ़-दो साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और रिश्ता गहरा हो गया। दोनों परिजनों की सहमति से पिछले कुछ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि युवक की उम्र कम होने के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय रुकने की बात कह रहे थे। इसी बात से दोनों परेशान थे।

पहले युवती ने दी जान, फिर युवक ने उठाया कदम

बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी मिलते ही युवक ने उसे फंदे से नीचे उतारा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

इसके बाद युवक ने कथित तौर पर घर से निकलकर पास के नीलगिरी प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। इस तरह कुछ ही घंटों के अंतराल में दोनों की मौत हो गई।

परिजनों ने क्या कहा

युवक की नानी मानवती ने बताया कि लड़के की उम्र कम होने के कारण शादी के लिए इंतजार करने को कहा गया था। दोनों शादी की जिद कर रहे थे और ज्यादा दिन रुकने को तैयार नहीं थे।

युवक की बहन किरण ने बताया कि दोनों साथ रह रहे थे और शादी तय थी, लेकिन उम्र कम होने के कारण कुछ समय रुकने की बात कही गई थी।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


🕊️ जरूरी सूचना:
अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत मदद लें। नजदीकी अस्पताल, परिवार या मित्रों से संपर्क करें। आप राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन किरण (1800-599-0019) पर भी नि:शुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं। मदद मांगना कमजोरी नहीं, साहस है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button