
रायपुर, 2 मार्च 2026। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कटोरा तालाब इलाके में मिनी मरीन ड्राइव चौपाटी के पास एक कॉम्प्लेक्स में कथित धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से में कैफे का बोर्ड लगा था, जबकि नीचे के हॉल को किराए पर लेकर सभा आयोजित की जा रही थी। हिंदूवादी संगठनों ने यहां कथित मतांतरण कार्यक्रम चलने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, हीरापुर निवासी योगेश बरिहा की शिकायत पर सैफिन मसीह, अमीन क्रिश्चियन, श्रीकांत मनहर और उदय प्रसाद सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि गैर-क्रिश्चियन समुदाय के लोगों को नौकरी, शिक्षा, इलाज और आर्थिक सहायता का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया है।
विरोध के दौरान कथित रूप से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की स्थिति भी बनी, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बलौदाबाजार निवासी जैकब दास, जिसने हॉल किराए पर लिया था, उसे भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि हॉल मालिक को नोटिस जारी कर पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।



