छत्तीसगढ़
Trending

धमतरी नगर निगम में हंगामा: रेलवे प्रभावितों के समर्थन में विपक्ष का प्रदर्शन, महापौर की गाड़ी रोकी

धमतरी, 19 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के धमतरी नगर निगम में शुक्रवार को उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब विपक्षी पार्षदों और रेलवे लाइन से प्रभावित परिवारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। 19 दिसंबर को एमआईसी की बैठक के बाद जैसे ही महापौर रामू रोहरा अपने वाहन से रवाना हुए, प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी रोक दी।

रेलवे प्रभावित परिवारों से मुलाकात न करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने महापौर की गाड़ी के सामने लेटकर विरोध जताया। जिले में नई रेलवे लाइन से प्रभावित लोग पिछले तीन दिनों से धरने पर बैठे हैं और उचित व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने जब महापौर से बातचीत की कोशिश की, तो उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया और वाहन आगे बढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

यह प्रदर्शन विपक्षी पार्षदों के धरने का तीसरा दिन था, जिसे रेलवे प्रभावित परिवारों का भी समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि महापौर उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।

‘जनता का सामना करने से बचे महापौर’

नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने आरोप लगाया कि महापौर जनता का सामना करने से बचते रहे और मौके से निकलने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन स्थल पर रखा गया पुतला ‘भगोड़े महापौर’ का प्रतीक है, ताकि जनता सच्चाई जान सके। इस दौरान ‘भगोड़े महापौर’ के नारे भी लगाए गए।

उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने कहा कि रेलवे प्रभावित पीड़ित केवल चर्चा करना चाहते थे, लेकिन उन्हें लगातार झूठा आश्वासन दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर जनता के सवालों का सामना नहीं कर पाए।

महापौर का पलटवार

वहीं, महापौर रामू रोहरा ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी ‘औकात’ दिखा रही है। उन्होंने दावा किया कि उनकी प्राथमिकता रेलवे प्रभावित परिवारों की चिंता है और उनकी उचित व्यवस्था की जाएगी।

घटना के बाद नगर निगम परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई, जबकि सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button