BREAKING: CIMS में हंगामा, लैब टेक्नीशियन ने जूनियर डॉक्टर को मारा थप्पड़, आक्रोशित डॉक्टरों ने किया काम बंद

बिलासपुर, 20 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (CIMS) में शनिवार को बड़ा विवाद सामने आया है। लैब टेक्नीशियन द्वारा जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट के आरोप के बाद अस्पताल में कार्यरत जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रेडियोलॉजी विभाग में पदस्थ एक जूनियर डॉक्टर को लैब टेक्नीशियन मनीष कुमार सोनी ने कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद जब जूनियर डॉक्टरों ने सिम्स प्रबंधन से शिकायत की, तो प्रबंधन ने आरोपी लैब टेक्नीशियन को मानसिक रूप से बीमार बताकर मामला टालने की कोशिश की।
इससे नाराज़ जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि आरोपी पर कार्रवाई करने के बजाय प्रबंधन उन पर ही काम पर लौटने का दबाव बना रहा है। इसी के विरोध में शनिवार सुबह से जूनियर डॉक्टरों ने अस्पताल की सेवाएं ठप कर दीं।
हड़ताल के चलते मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल सिम्स प्रबंधन की ओर से कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है।
👉 मामले पर आगे की कार्रवाई और प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।



