सरगुजा में ईसाई समाज की चंगाई सभा पर बवाल : धर्मांतरण के आरोपों के बाद प्रशासन ने कराया कार्यक्रम बंद

सरगुजा। बतौली जनपद के ग्राम पंचायत बालमपुर के रतनपुर गांव में ईसाई समाज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चंगाई सभा (प्रार्थना कार्यक्रम) विवादों में घिर गई। कार्यक्रम के दूसरे दिन ग्रामीणों और स्थानीय हिंदू संगठनों ने इस सभा का विरोध करते हुए इसे धर्मांतरण की साजिश बताया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
ग्रामीणों ने लगाए धर्मांतरण के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बीमारों को ठीक करने के नाम पर लोगों को धर्म बदलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उनका कहना है कि आयोजक पहले भी इसी तरह के आयोजन कर चुके हैं, जिनसे गांव में धार्मिक मतभेद और तनाव पैदा हुआ था। ग्रामीणों ने कहा कि यह सभाएं गांव की शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बन रही हैं।
हिंदू संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन
चंगाई सभा के विरोध में कई हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और तहसीलदार बतौली को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि प्रशासन ऐसे आयोजनों पर रोक लगाए ताकि किसी भी प्रकार का धार्मिक टकराव न हो।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई — सभा कराई गई बंद
विवाद की सूचना मिलते ही तहसीलदार बतौली, सीतापुर SDOP और थाना प्रभारी सीतापुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर माहौल शांत कराया और बढ़ते तनाव को देखते हुए सभा को तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए। आदेश मिलते ही आयोजन समिति ने कार्यक्रम बंद कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है।
वर्तमान में गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



