छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-बारिश और बिजली गिरने का खतरा

मौसम समाचार
रायपुर, 02 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार सूरजपुर, कोरिया, पेंड्रा, कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव और बेमेतरा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
वहीं चांपा, बलौदा बाजार, रायपुर, दुर्ग और धमतरी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। किसानों को फसल और मवेशियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।
क्या करें और क्या न करें
- खराब मौसम में घर से बाहर निकलने से बचें
- बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान में न रहें
- पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखें
- मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सीमित उपयोग करें
राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।



