जयपुर के चौमू में आधी रात बवाल: मस्जिद के पास पत्थर हटाने पर दो समुदाय आमने-सामने, पुलिस पर पथराव, 6 जवान घायल, 10 गिरफ्तार

राजस्थान की राजधानी जयपुर से सटे चौमू कस्बे में देर रात हिंसा भड़क उठी। बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद के बाहर रखे पत्थरों को हटाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पथराव और झड़प तक पहुंच गया। हालात काबू में करने पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पत्थर बरसाए, जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कैसे भड़की हिंसा?
यह घटना 25-26 दिसंबर की दरम्यानी रात करीब 3 बजे की है। इलाके में मौजूद एक कलंदरी मस्जिद के पास करीब 45 साल से सड़क किनारे पत्थर रखे थे। प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के लिए इन पत्थरों को हटाने का फैसला लिया था। दोनों पक्षों की सहमति के बाद पत्थर हटाए भी गए, लेकिन जब वहां रेलिंग लगाने का काम शुरू हुआ तो कुछ लोगों ने इसका विरोध कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और हालात बेकाबू हो गए।
पुलिस पर भी हमला
भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में 6 पुलिसकर्मियों के सिर फूट गए। हालात को संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया।
क्या बोले डीसीपी?
जयपुर पश्चिम के डीसीपी हनुमान प्रसाद मीना ने कहा,
“यहां कलंदरी मस्जिद के पास अतिक्रमण को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष ने अतिक्रमण हटाया था, लेकिन कुछ लोगों ने लोहे के एंगल लगाकर दोबारा ढांचा खड़ा करने की कोशिश की। जब पुलिस उसे हटा रही थी, तब कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
10 उपद्रवी गिरफ्तार, इंटरनेट बंद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 पत्थरबाजों को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। तनाव को देखते हुए चौमू में 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
फिलहाल हालात शांत
प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से इलाके में शांति बहाल कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



