छत्तीसगढ़

2 साल बाद शुरू हुआ बिरनपुर हत्याकांड का ट्रायल: सीबीआई ने पेश की चार्जशीट, विधायक ईश्वर साहू समेत 23 गवाहों के बयान होंगे दर्ज

रायपुर, 08 अक्टूबर 2025 छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित बिरनपुर हत्याकांड मामले में आज से ट्रायल की शुरुआत हो गई है। सीबीआई ने हाल ही में इस मामले में अपनी चार्जशीट स्पेशल कोर्ट में पेश की थी, जिसके बाद अब 2 साल बाद इस केस की सुनवाई शुरू हो रही है।

बिरनपुर हिंसा मामले में विधायक ईश्वर साहू समेत 23 गवाहों के बयान दर्ज करवाए जाएंगे। सभी गवाहों के बयान तीन दिनों तक रायपुर की विशेष अदालत में दर्ज किए जाएंगे। सीबीआई की चार्जशीट में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि हिंसा के दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी की घटनाएं हुई थीं।

8 अप्रैल 2023 को भड़की थी हिंसा

यह घटना 8 अप्रैल 2023 को बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में हुई थी, जब दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस घटना में भुवनेश्वर साहू समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया था और कई दिनों तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

सरकार ने सौंपी थी जांच सीबीआई को

घटना के बाद तत्कालीन सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की घोषणा की थी। विधानसभा सत्र के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इसका ऐलान किया था। सदन में यह मुद्दा पीड़ित परिवार के सदस्य और विधायक ईश्वर साहू ने ही उठाया था।

बेटे की मौत के बाद विधायक बने ईश्वर साहू

बिरनपुर हिंसा में अपने बेटे भुवनेश्वर साहू को खोने वाले ईश्वर साहू को भाजपा ने 2023 विधानसभा चुनाव में साजा विधानसभा से टिकट दिया था। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन मंत्री रविंद्र चौबे को हराकर जीत दर्ज की थी।

अब पूरे प्रदेश की निगाहें इस मामले पर टिकी हैं कि ट्रायल के बाद अदालत क्या फैसला सुनाती है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button