कोरबा में दर्दनाक हादसा: घर के आंगन में कोबरा ने 8 माह की गर्भवती महिला को डसा, मां-बच्चे दोनों की मौत

कोरबा, 01 जनवरी 2025। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करतला थाना क्षेत्र के टेंगरमार गांव में मंगलवार दोपहर एक 8 माह की गर्भवती महिला की कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में गर्भ में पल रहा मासूम भी नहीं बच सका।
मिली जानकारी के अनुसार, टेंगरमार निवासी फिरतु राम मांझी की 23 वर्षीय पत्नी राधिका दोपहर के समय घर के आंगन में बने टॉयलेट की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मौजूद कोबरा सांप पर उसका पैर पड़ गया। इससे गुस्साए सांप ने राधिका के पैर से लिपटकर तीन बार डस लिया।
सांप के काटते ही राधिका की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और सांप को भागते हुए देखा। महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे में गर्भस्थ शिशु भी दुनिया देखने से पहले ही दम तोड़ गया।
परिजनों ने बताया कि फिरतु राम काम के सिलसिले में उस समय केराकछार गया हुआ था। बीते 21 फरवरी को सामाजिक रीति-रिवाज से फिरतु राम की शादी राधिका से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद वह गर्भवती हुई थी और उसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस कोबरा ने महिला को डसा, वह पिछले कई दिनों से घर के आसपास बाड़ी में देखा जा रहा था, लेकिन समय रहते उसे हटाया नहीं गया।
इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। एक ही पल में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं — पत्नी और होने वाले बच्चे दोनों को खो देने से परिजन सदमे में हैं।



