छत्तीसगढ़
Trending

कवर्धा में दर्दनाक हादसा: आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे की मौत, पेड़ के नीचे खड़े थे

कवर्धा, 4 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक बदले मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का निवासी था। वह कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के मिरमिटी गांव में गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी करता था।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन नेन सिंह अपने साथियों के साथ रोज की तरह भेड़-बकरियां चराने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई।

बारिश और बिजली से बचने के लिए नेन सिंह पास ही एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य चरवाहों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश थमने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

महत्वपूर्ण सावधानी:
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार गरज-चमक के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे मौसम में खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों से दूर रहना ही सुरक्षित होता है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button