छत्तीसगढ़

जशपुर में दर्दनाक हादसा: मजदूर पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मौत; रायगढ़ में जलाशय का गेट टूटा, NH पर फैला पानी

जशपुर/रायगढ़ | 21 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ में मौसम के बदले मिजाज के बीच दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं रायगढ़ में जलाशय का गेट टूटने से पानी सड़क और खेतों में फैल गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिजली गिरने से मजदूर की मौत
जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम कर रहे 51 वर्षीय मजदूर सनऊ राम की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ अस्थायी मकान में रह रहा था और मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम डोमा का निवासी था।
इस हादसे में 25 वर्षीय रेखा भी घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के बाद खतरे से बाहर बताया गया है।

रायगढ़ में जलाशय का गेट टूटा, सड़क पर भरा पानी
दूसरी ओर रायगढ़ जिले में बिलासपुर जलाशय का गेट टूटने से पानी राष्ट्रीय राजमार्ग और आसपास के खेतों में फैल गया। इससे आवागमन प्रभावित हुआ और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पानी के बहाव को रोकने के प्रयास शुरू किए गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा सिंचाई के लिए गेट खोला गया था, जबकि लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण गेट की जर्जर हालत भी इस घटना की बड़ी वजह मानी जा रही है।

मौसम विभाग की चेतावनी
प्रदेश में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button