रायपुर यातायात पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कांग्रेस के विधानसभा घेराव को लेकर कई मार्गों पर डायवर्सन

रायपुर। कांग्रेस के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आज भारत माता प्रतिमा, केनाल रोड शंकर नगर के सामने आमसभा के बाद विधानसभा घेराव कार्यक्रम प्रस्तावित है।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक का मार्ग पूरी तरह बाधित रहेगा। यह डायवर्सन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक लागू रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार पंडरी की ओर जाने वाले वाहन शांति नगर–मधु पिल्ले चौक–आईजी ऑफिस गली मार्ग से शंकर नगर पहुंच सकेंगे। वहीं आनंद नगर से पंडरी जाने वाले वाहन आनंद नगर चौक–भगत सिंह चौक–अंबेडकर चौक–ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।



