भटगांव की बदलेगी तस्वीर: 13.22 करोड़ की लागत से सड़क, पुल और जलाशय कार्यों की शुरुआत

रायपुर, 04 अप्रैल 2026।छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ओड़गी और भैयाथान विकासखंड में 13.22 करोड़ रुपये से अधिक लागत के तीन प्रमुख विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया।

मंत्री ने ओड़गी विकासखंड के ग्राम हरिहरपुर (छतरंग रोड) में कागज नाला पर 419.37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही भैयाथान विकासखंड के ग्राम सांवरावा में 136.23 लाख रुपये की लागत से जलाशय जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत की गई। वहीं, प्रतापपुर–भैयाथान मुख्य मार्ग से परसापारा तक करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया, जिसकी लागत 766.37 लाख रुपये है।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, जल संसाधनों में सुधार आएगा और कृषि सहित स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



