छत्तीसगढ़
Trending

प्रेमिका की सगाई की खबर सुनते ही टूटा वकील का दिल : बिलासपुर में हाईकोर्ट वकील ने अरपा नदी में लगाई छलांग, मौत से मचा सन्नाटा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हाईकोर्ट के वकील राहुल अग्रवाल (30) ने प्रेमिका की सगाई कहीं और तय हो जाने के बाद टेंशन में आकर अरपा पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार रात उसकी लाश अरपा नदी से बरामद हुई, जबकि बाइक रामसेतु ब्रिज पर खड़ी मिली।

मिली जानकारी के अनुसार, भाटापारा निवासी राहुल अग्रवाल मंगला स्थित ग्रीन गार्डन कॉलोनी में पिछले 7-8 साल से रह रहा था। गुरुवार को वह रोज की तरह हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने गया था। शाम को वह नेहरू चौक पर अपने दोस्त मुकेश राठिया से मिला, फिर दोनों सिरगिट्टी स्थित महिंद्रा शो रूम गए। कार लेने के बाद दोनों ने ट्रांसपोर्ट नगर में शराब पार्टी की। वहां से वे मुकेश के मोपका स्थित घर पहुंचे और देर रात तक शराब पीते रहे।

रात करीब डेढ़ बजे राहुल ने कहा कि अगले दिन उसका केस लगा है, इसलिए वह घर जा रहा है। वह बाइक लेकर निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने रातभर और सुबह तक फोन लगाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। सुबह फोन बंद मिला तो चिंता बढ़ी। घर पर काम करने वाली महिला ने बताया कि राहुल घर नहीं लौटा है और रात का खाना वैसे ही रखा है।

इसके बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। खोजबीन के दौरान पुलिस को रामसेतु ब्रिज पर लावारिस हालत में उसकी बाइक मिली। इस पर आशंका जताई गई कि उसने पुल से छलांग लगाई होगी। देर रात अरपा नदी में एक शव दिखाई देने पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। पहचान राहुल अग्रवाल के रूप में हुई।

पुलिस जांच में पता चला कि राहुल का एक युवती से प्रेम संबंध था। वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिजनों ने उसकी सगाई कहीं और कर दी थी। इसके बाद से राहुल तनाव में था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

राहुल ने गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से 2013 से 2018 तक लॉ की पढ़ाई की थी और कुछ समय पहले स्वतंत्र रूप से प्रैक्टिस शुरू की थी। उसकी असामयिक मौत से बिलासपुर हाईकोर्ट परिसर में शोक की लहर है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button