रायपुर में 2 अक्टूबर को होगा भव्य दशहरा उत्सव : रामलीला, रावण दहन और आतिशबाजी का मंचन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर, 28 सितंबर 2025 / सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति, श्री दुधाधारी मठ, रावणभाठा के तत्वावधान में 2 अक्टूबर 2025 को भव्य दशहरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक रावणभाठा मैदान में सम्पन्न होगा।
इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहेगा रामलीला का मंचन, जिसमें भगवान राम और रावण के संवाद कलाकारों के माध्यम से प्रस्तुत किए जाएंगे। परंपरागत रूप से बालाजी पालकी में विराजमान होकर रावणभाठा मैदान में पहुँचेंगे और रावण दहन के पश्चात दर्शनार्थियों के बीच उपस्थित होंगे।
सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकार के तहत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अखाड़ा वाले स्वमेय आकर तलवार और लाठी चालन जैसे पारंपरिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे। दशहरा के दिन पतंगबाजी का भी आयोजन इसी स्थल पर किया जाएगा।
धार्मिक दृष्टि से यह कार्यक्रम महंत रामसुन्दर दास जी के मार्गदर्शन में आयोजित होगा। इस दिन भगवान श्रीराम सहित सभी देवी-देवताओं की पूजा, शस्त्र पूजा और अश्व पूजा भी की जाएगी।
मुख्य अतिथि:
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
- सांसद बृजमोहन अग्रवाल
- भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा
- विधायक रायपुर दक्षिण सुनील सोनी
- महापौर मीनल चौबे
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों, पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं के अलावा स्थानीय जनता की भी उपस्थिति सुनिश्चित होगी।
विशेष आकर्षण रहेगा भव्य आतिशबाजी और रावण, कुंभकरण, मेघनाथ का वध। आतिशबाजी का प्रदर्शन जबलपुर के कलाकार करेंगे।
सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, संयोजक सुशील ओझा और सचिव अमित साहू ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और जन जीवन को जोड़ने का अनूठा प्रयास है।
सम्पर्क:
- अध्यक्ष: मनोज वर्मा 9424244044
- संयोजक: सुशील ओझा 9425206898
- सचिव: अमित साहू 9406310000



