छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर के सरकारी स्कूल में बड़ा घोटाला: सरपंच पति ने खिड़की-दरवाजे, चैनल गेट और टाइल्स उखाड़कर घर ले गया, प्राचार्य निलंबित, प्रशासन मौन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सरकारी स्कूल में घोटाले और लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। बेलतरा के शासकीय हाई स्कूल भवन से खिड़की, दरवाजे, चैनल गेट, रेलिंग और टाइल्स समेत लाखों रुपये का सामान कथित रूप से पूर्व सरपंच के पति रामरतन कौशिक द्वारा उखाड़ कर अपने घर ले जाने का आरोप है। खास बात यह है कि यह सब कुछ स्कूल की प्रभारी प्राचार्य कावेरी यादव की मौखिक सहमति से हुआ, लेकिन विभाग के अधिकारियों को इसकी कोई जानकारी तक नहीं दी गई। अब इस मामले में प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है, लेकिन सरपंच पति पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

सरकारी स्कूल बना खंडहर

राज्य शासन द्वारा करीब 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस हाई स्कूल भवन को कुछ साल पहले ही तैयार किया गया था और वहां नियमित कक्षाएं भी संचालित हो रही थीं। लेकिन एक साल पहले “मरम्मत” के बहाने स्कूल प्रबंधन ने भवन को खाली करा दिया और कक्षाएं पास की दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट कर दी। इसी दौरान स्कूल भवन से दरवाजे, खिड़कियां, रेलिंग और टाइल्स गायब हो गए।

ग्रामीणों ने खोला घोटाले का पर्दाफाश

जब स्थानीय ग्रामीणों ने स्कूल भवन की बदहाल स्थिति देखी, तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने जब पड़ताल की तो सामने आया कि तत्कालीन सरपंच ईश्वरी बाई कौशिक के पति रामरतन कौशिक ने स्कूल से चार लोहे के दरवाजे, 24 खिड़कियां, 16 रेलिंग, 8 रोशनदान, 2 चैनल गेट और टाइल्स उखाड़कर अपने घर ले गए। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की।

प्राचार्य की चुप्पी ने बढ़ाया संदेह

जांच में सामने आया कि प्राचार्य कावेरी यादव ने इस पूरी कार्रवाई को मौन स्वीकृति दी थी। उन्होंने न तो उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी और न ही पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज कराई।

डीपीआई ने की कार्रवाई

लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रभारी प्राचार्य कावेरी यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके आचरण को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया है।

निलंबन अवधि में कावेरी यादव का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बिल्हा निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

आरोपी बोले- मुझे बदनाम किया जा रहा

वहीं, आरोपी सरपंच पति रामरतन कौशिक ने कहा कि “स्कूल जर्जर हालत में था, इसलिए मैंने खिड़की-दरवाजे निकलवाए थे, लेकिन बाद में सामान स्कूल को ही लौटा दिया गया। मुझे जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है। जांच में मैंने बयान भी दिया है।”

हालांकि अब तक उनके खिलाफ कोई FIR या सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे प्रशासन की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।


अब सवाल यह है कि लाखों की सार्वजनिक संपत्ति को लेकर इस तरह की लापरवाही पर क्या सिर्फ शिक्षक को ही जिम्मेदार ठहराना पर्याप्त है? क्या स्थानीय प्रशासन और पुलिस की चुप्पी खुद एक संकेत नहीं है?

यह मामला सिर्फ एक स्कूल भवन का नहीं, बल्कि सरकारी संपत्ति की लूट और जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता का प्रतीक बन गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button