छत्तीसगढ़
Trending

मैत्रीबाग टिकट काउंटर का टेंडर रद्द: बीएसपी ने सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए उठाया बड़ा कदम, नई शर्तों के साथ फिर निकलेगा ठेका

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) प्रबंधन ने मैत्रीबाग के टिकट काउंटर को निजी हाथों में सौंपने के लिए जारी निविदा को रद्द कर दिया है। तीन एजेंसियों ने इस टेंडर में हिस्सा लिया था, लेकिन पूर्व में ठेका लेने वाली एजेंसी के मुनाफा कमाने के बाद राशि जमा किए बिना फरार होने का मामला सामने आने पर प्रबंधन ने सतर्कता बरतते हुए पूरा टेंडर निरस्त कर दिया। मामले को पत्रिका द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद यह कार्रवाई और तेज हुई।

नई शर्तों के साथ शुरू होगी प्रक्रिया
प्रबंधन अब सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए नए सिरे से निविदा प्रक्रिया शुरू कर रहा है। इस बार अधिक कड़े नियम-शर्तें शामिल की जाएंगी ताकि भविष्य में किसी तरह की आर्थिक अनियमितता न हो।

हर माह बीएसपी को जमा करने होंगे 15 लाख रुपए
टिकट काउंटर संभालने वाली एजेंसी को प्रतिदिन टिकट बिक्री से नकद राशि एकत्र करनी होगी। बदले में उसे बीएसपी प्रबंधन को हर माह 15 लाख रुपए जमा करने होंगे। इसका मतलब है कि तीन महीनों में 45 लाख रुपए और सालभर में करीब 1.8 करोड़ रुपए की राशि बीएसपी को मिलेगी।
नई व्यवस्था में गेट पर तैनात बीएसपी कर्मचारी की ड्यूटी भी समाप्त करने की योजना है।

कर्मचारियों के मनोरंजन के लिए बनाए गए मैत्रीबाग में शुरुआत में प्रवेश निशुल्क था। बढ़ती भीड़ नियंत्रण की जरूरत को देखते हुए टिकट व्यवस्था शुरू हुई थी। समय के साथ टिकट शुल्क बढ़कर वर्तमान में प्रति व्यक्ति 20 रुपए हो गया है।

पार्किंग ठेका भी समाप्त, नया टेंडर जारी
मैत्रीबाग की वाहन पार्किंग का पुराना ठेका समाप्त हो चुका है। बीएसपी प्रबंधन ने इसके लिए भी नया टेंडर जारी कर दिया है और उम्मीद है कि यह प्रक्रिया जल्द ही अंतिम चरण में पहुँच जाएगी।

मैत्रीबाग भिलाईवासियों और आसपास के लोगों के लिए एक प्रमुख मनोरंजन स्थल है, ऐसे में प्रबंधन की यह कड़ी निगरानी और नई शर्तें व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button