दंतेवाड़ा में CRPF जवान की संदिग्ध मौत: कमरे में फांसी पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट नहीं मिला… पुलिस जांच में जुटी

दंतेवाड़ा, 27 अक्टूबर 2025 जिले के गीदम थाना क्षेत्र में तैनात CRPF के एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवान की पहचान जशवीर सिंह (46) निवासी भवानीपुर, कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह सीआरपीएफ की 231वीं बटालियन के हेडक्वार्टर गीदम में पोस्टेड था।
सोमवार सुबह जब जवान के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो साथियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। बाद में कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया तो जशवीर सिंह फंदे पर लटका मिला।
कारण स्पष्ट नहीं, सुसाइड नोट बरामद नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जवान के शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गीदम भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीआरपीएफ अधिकारियों ने जवान की आत्महत्या पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



