PM मोदी के लिए खुरमी लेकर पहुँचा छत्तीसगढ़ का छात्र, Pariksha Pe Charcha 2026 के दूसरे एपिसोड में दिखी आत्मीय झलक

रायपुर, 9 फरवरी 2026।‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का दूसरा एपिसोड आज प्रसारित हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के अलग-अलग राज्यों के छात्रों से संवाद किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के एक छात्र द्वारा पीएम मोदी के लिए पारंपरिक व्यंजन खुरमी लेकर पहुँचने का दृश्य खास चर्चा का विषय रहा।
दूसरे एपिसोड में प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात और असम के विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की। छात्रों ने परीक्षा, तनाव, करियर और जीवन से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पीएम मोदी ने सरल और प्रेरक अंदाज में जवाब दिया।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के छात्र द्वारा लाया गया पारंपरिक व्यंजन खुरमी प्रधानमंत्री को भेंट किया गया। पीएम मोदी ने आत्मीयता के साथ सभी को अपने हाथों से खिलाया, जिससे माहौल और भी भावनात्मक हो गया।
बताया गया कि इस एपिसोड का वीडियो नवा रायपुर में शूट किया गया है। हाल ही में प्रधानमंत्री के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान नवा रायपुर में आयोजित DG/IG कॉन्फ्रेंस के अवसर पर होनहार विद्यार्थियों के साथ यह संवाद रिकॉर्ड किया गया था।
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का प्रसारण दूरदर्शन के सभी प्रमुख चैनलों, प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और ऑल इंडिया रेडियो पर किया जा रहा है। इसका पहला एपिसोड 6 फरवरी को टेलीकास्ट हुआ था।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और छात्र-प्रधान संवाद का यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।



