धरसींवा में विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में चला ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)’ अभियान, बोले– पहली बार इतनी गंभीरता और व्यापक स्तर पर लागू हो रहा पुनरीक्षण

रायपुर, 11 नवंबर 2025 (मंगलवार):
धरसींवा विधानसभा के ग्राम गुमा, बाना, कुम्हारी, धनेली और सिलतरा में आज संगठन के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं में विधायक अनुज शर्मा ने हिस्सा लिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और पारदर्शी बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा,
“आजादी के बाद कई बार पुनरीक्षण प्रक्रिया हुई है, लेकिन पहली बार इतनी गंभीरता और व्यापक स्तर पर इसे लागू किया जा रहा है। यह अभियान लोकतंत्र और राष्ट्र को सशक्त बनाने वाला है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका इस अभियान में निर्णायक है। कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना है कि कोई फर्जी मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई पात्र नागरिक छूटे नहीं।
भाजपा ने संकल्प लिया है कि एसआईआर अभियान को बूथ स्तर तक मजबूती से चलाया जाएगा। कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार तक पहुंचेंगे, मतदाता सूची का मिलान करेंगे और बीएलओ के साथ समन्वय में कार्य करेंगे ताकि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी बन सके।

विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को फॉर्म-6 (नए मतदाता जोड़ने हेतु), फॉर्म-7 (संशोधन हेतु) और फॉर्म-8 (पता परिवर्तन हेतु) की प्रक्रिया की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा के साथ मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



